मदाखलत अमले ने अनेक क्षेत्रों से हटाया अतिक्रमण
ग्वालियर। नगर निगम के मदाखलत अमले ने शनिवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे हाथ ठेले, फुटपाथी दुकानें, सड़क पर रखा सामान, तराजू, क्रेट एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाकर मुख्य मार्गों को सुगम बनाया।
निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश अनुसार पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी शैलेंद्र सिंह चैहान के निर्देशन में बैजाताल फुटपाथ, ठाठपुर मुख्य मार्ग, मुरार बारादरी से सदर बाजार एवं अग्रसेन चौराहे तक विशेष कार्रवाई की गई। इस दौरान हाथ ठेले, फुटपाथी दुकानों एवं दुकानदारों द्वारा सड़क पर रखा गया सामान हटवाकर दुकानों के अंदर रखवाया गया। ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी रवि कुमार कोरी के निर्देशन में दोपहर बाद किलागेट रोड, इंटेक मैदान रोड, चार शहर का नाका रोड एवं हजीरा चैराहे पर यातायात में बाधा बन रहे हाथ ठेले, सड़क पर रखे सामान एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण हटाकर मार्ग को पूरी तरह साफ कराया गया। इसके अलावा गोपाचल पर्वत के नीचे, नौगजा रोड एवं फूलबाग क्षेत्र में मुख्य सड़क पर लगी फुटपाथी ड्रायफ्रूट (मेवा) दुकानों, हाथ ठेलों एवं अन्य अतिक्रमणों को हटाकर संबंधित लोगों को भविष्य में अतिक्रमण नहीं करने की कड़ी हिदायत दी गई। इसी क्रम में यादव धर्मकांटा रोड एवं गदाईपुरा क्षेत्र के मुख्य मार्गों पर भी यातायात में बाधक हाथ ठेलों, सड़क पर रखे सामान एवं अन्य अस्थायी अतिक्रमण को हटाकर आवागमन सुचारु कराया गया।
दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में मदाखलत अधिकारी सतेंद्र भदौरिया के निर्देशन में महाराज बाड़ा, सुभाष मार्केट, नजरबाग मार्केट, टोपी बाजार, टाउन हॉल, छापाखाना, स्काउट, स्टेट बैंक एवं पोस्ट ऑफिस के मुख्य मार्गों से हाथ ठेले, फुटपाथ पर रखे फट्टे एवं अन्य अतिक्रमण हटाए गए। इसके अतिरिक्त लेडीज पार्क, छतरी मंडी क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित निर्माण कार्य को तत्काल बंद कराया गया।