निगम सभापति तोमर ने हितग्राहियों को वितरित किए जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्ड
ग्वालियर। नगर सभापति मनोज तोमर ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध एवं सुगमता से पहुंचाने के उद्देश्य से अपने निजी निवास कार्यालय पर मुख्यमंत्री कामकाजी योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं के स्वीकृति एवं लाभार्थी कार्ड वितरित किए।
इस अवसर पर सभापति तोमर ने कहा कि प्रदेश सरकार एवं नगर निगम का उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र नागरिक को शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री कामकाजी योजना युवाओं एवं स्वरोजगार से जुड़ने के इच्छुक नागरिकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने हितग्राहियों से योजनाओं का समुचित उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने तथा अन्य पात्र लोगों को भी इन योजनाओं की जानकारी देने का आग्रह किया। श्री तोमर ने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए नगर निगम निरंतर प्रयासरत है, ताकि पात्र हितग्राहियों को बिना किसी कठिनाई के योजनाओं का लाभ मिल सके।