समर कैंप बच्चों के लिए प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम: अपर आयुक्त राव
- शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में आयोजित समर कैंप-2026 का समापन
ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय में आयोजित समर कैंप-2026 का बुधवार को गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। कैंप में शामिल बच्चों ने रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं तकनीकी गतिविधियों के माध्यम से नए कौशल सीखे और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों, कला प्रदर्शनी और सम्मान समारोह ने सभी का मन मोह लिया। समापन समारोह का आयोजन शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में पार्षद अनिल सांखला, नगर निगम के अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव तथा कार्यक्रम संरक्षक वरिष्ठ साहित्यकार एवं तुलसी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष भगवानस्वरूप चैतन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में समर कैंप के प्रतिभागी बच्चों को प्रमाण-पत्र एवं विशेष उपहार प्रदान किए गए। साथ ही प्रशिक्षकों और पुस्तकालय कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि समर कैंप बच्चों के लिए सीखने, रचनात्मकता विकसित करने और अपनी प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे आयोजन बच्चों को संस्कृति, कला और आधुनिक कौशलों से जोड़ने का कार्य करते हैं। पार्षद अनिल सांखला ने कहा कि बच्चों में असीम संभावनाएं होती हैं और इस प्रकार के आयोजन उन्हें अपनी क्षमताओं को पहचानने तथा आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं। कार्यक्रम संरक्षक भगवानस्वरूप चैतन्य ने कहा कि समर कैंप ने बच्चों को उनकी सांस्कृतिक विरासत, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। यह आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास और प्रतिभा संवर्धन के लिए एक उत्कृष्ट मंच साबित हुआ है।
समारोह में बच्चों ने गणेश वंदना, भजन, नृत्य तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। “मोबाइल थीम ड्रामा” विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने दर्शकों को जागरूकता का संदेश देते हुए खूब सराहना बटोरी। समर कैंप के दौरान बच्चों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग, क्ले आर्ट और अन्य कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय ग्रंथपाल विवेक कुमार सोनी ने किया।