विश्व पर्यावरण दिवस पर खजुराहो में विभिन्न स्थानों पर हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
खजुराहो। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में मतंगेश्वर सेवा समिति, खजुराहो एवं दद्दा जी इंटरनेशनल कल्चर सेंटर के प्रमुख पंडित सुधीर शर्मा के संयोजन तथा बुंदेलखंड विकास सहकारी समिति बैंक एवं ग्रीन आर्मी के सहयोग से ग्राम हकीमपुरा स्थित आयुरग्राम में वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा भावी पीढ़ी को प्रकृति के प्रति उत्तरदायी बनाने का संदेश देना था। इस अवसर पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर अपने संक्षिप्त उद्बोधन में पंडित सुधीर शर्मा ने कहा कि "वृक्ष केवल पर्यावरण की रक्षा ही नहीं करते, बल्कि मानव जीवन, संस्कृति और सभ्यता के आधार भी हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए तथा उसका संरक्षण भी करना चाहिए। प्रकृति की सेवा ही मानवता की सच्ची सेवा है।"
इसके पश्चात सभी प्रतिभागी वुड कैफे फैमिली रेस्टोरेंट पहुंचे, जहां परिसर में भी वृक्षारोपण कर हरित वातावरण के निर्माण में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर राकेश राजोरिया, अभिजीत ओस्माण्ड, कृष्णा प्रसाद (केरल), हरीश अनुरागी, लक्ष्मी कुशवाहा, गीता अहिरवार, किशोरी लाल अहिरवार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया