मुरैना कलेक्ट्रेट की साइबर शाखा में आग लगी
- शॉर्ट सर्किट से कंप्यूटर और दस्तावेज खाक
ग्वालियर / मुरैना। मुरैना जिला कलेक्ट्रेट के नए भवन स्थित वेब आईजी (इंटरनेट साइबर) शाखा में देर रात शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस अग्नि कांड में शाखा में रखे कंप्यूटर, सीपीयू, मॉनिटर और दस्तावेज जलकर खाक हो गए। रात्रि स्टाफ और चैकीदार ने अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से आग को फैलने से रोका, जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
कलेक्ट्रेट की नवीन बिल्डिंग की वेब आईजी शाखा के इंटरनेट साइबर कक्ष में देर रात बिजली की सर्विस लाइन में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। इससे निकली चिंगारी नीचे रखे कंप्यूटर सिस्टम और दस्तावेजों पर गिरी, जिससे वहां आग लग गई। कुछ ही देर में कमरे से धुआं उठने लगा। कमरे से धुआं निकलता देख वहां रुके रात्रि स्टाफ और चैकीदारों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और वे अग्निशमन यंत्र लेकर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। उनकी इस कोशिश से आग अधिक बड़े हिस्से में नहीं फैल पाई। बाद में सूचना पर दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और दमकल कर्मियों ने आग को पूरी तरह से बुझा दिया गया। आग लगने की सूचना मिलने पर आला अधिकारी रात में ही कलेक्ट्रेट पहुंच गए थे। स्थिति का जायजा लेने के बाद एडीएम अश्वनी कुमार रावत ने कहा कि आग सर्वर रुम के पास लगी है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगाना बताया गया है। आग पर तुरंत स्टाफ ने कंट्रोल किया और दमकल भी पहुंच गई थी। नुकसान का आंकलन किया जाएगा। साथ ही कहां चूक हुई इसकी जांच की जाएगी।