हर जरुरतमंद को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ : प्रद्युम्न तोमर
- ऊर्जा मंत्री ने जनसुनवाई में किया समस्याओं का निराकरण
ग्वालियर । जन-जन की सेवा ही मध्यप्रदेश सरकार का मूलमंत्र है और इसे साकार करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को अपने रेसकोर्स रोड स्थित 38 नम्बर सरकारी कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को सुना और उनका त्वरित निदान किया।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि सरकार द्वारा आम जनों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना प्रदेश सरकार का संकल्प है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर आम जनों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
मंत्री तोमर ने कहा कि विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आह्वान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपने शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए साथ मिलकर अपना सहयोग देना होगा।