मुख्यमंत्री डा. यादव शुक्रवार को ग्वालियर से सिंगल क्लिक से लाड़ली बहनों को राशि आंतरित करेंगे
- कलेक्टर एवं एसएसपी ने लिया लाड़ली बहना सम्मेलन की तैयारियों का जायजा
ग्वालियर । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 13 मार्च को जिले के घाटीगाँव के समीप स्थित शबरी माता मंदिर परिसर में “मुख्यमंत्री लाड़ली बहना” का राज्य स्तरीय सम्मेलन होगा। सम्मेलन में मुख्यमंत्री डा. यादव प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये से अधिक राशि सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे। इसमें ग्वालियर की 3 लाख 2 हजार 850 बहनों के खातों में पहुँचने वाली 44 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि शामिल है। यह राशि योजना की 34वीं किश्त के रूप में बहनों को प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव इस अवसर पर ग्वालियर जिले के अंतर्गत लगभग 122 करोड़ रुपये लागत के 54 कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी करेंगे। साथ ही सरकार की विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं के तहत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये आर्थिक सहायता भी वितरित करेंगे।
लाड़ली बहना सम्मेलन में केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट, राज्य सरकार के मंत्रीगण नारायण सिंह कुशवाह व प्रद्युम्न सिंह तोमर, सांसद भारत सिंह कुशवाह, विधायक मोहन सिंह राठौर उपस्थित रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ यादव वायुमार्ग से 13 मार्च को दोपहर राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल महाराजपुरा पहुँचेंगे। यहाँ से हेलीकॉप्टर द्वारा घाटीगाँव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित देवनारायण मंदिर परिसर में बनाये गए हेलीपेड पहुँचेंगे। मुख्यमंत्री यहाँ स्थित देवनारायण मंदिर एवं कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित शबरी माता मंदिर में भी प्रदेश की खुशहाली के लिए पूजा अर्चना करेंगे। इसके बाद लाड़ली बहना सम्मेलन में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद हेलीकाप्टर द्वारा वापस विमानतल पहुँचकर वायुमार्ग द्वारा भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे। इससे पहले गुरूवार को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही हैलीपेड का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने कार्यक्रम स्थल पर गर्मी के मौसम को ध्यान में रखकर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही ऐसी व्यवस्था रहे जिससे पार्किंग स्थल से लाड़ली बहनाओं सहित सुविधाजनक तरीके से कार्यक्रम स्थल पर निर्धारित सेक्टर में पहुँच सकें। इस अवसर पर विधायक मोहन सिंह राठौर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, एडीएम सीबी प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री सुमन गुर्जर व जयराज कुवेर मौजूद थे।