विज्ञान महाविद्यालय ने प्रारंभ किया कॉलेज चलो अभियान

शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया आदर्श विज्ञान महाविद्यालय द्वारा कॉलेज चलो अभियान प्रारंभ किया गया. स्थानीय विद्यालय, हरिदर्शन हायर सेकेंडरी स्कूल, लश्कर, ग्वालियर में जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया. अभियान टीम, डॉ तृप्ति शर्मा, डॉ एनपी सिंह, डॉ चंदना जैन, डॉ वीरेंद्र धाकर तथा डॉ विजय बेले ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रदान की. टीम के सदस्यों ने बारहवीं के बाद उपलब्ध विभिन्न संकायों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा कैरियर संभावनाओं पर सरल एवं प्रभावी प्रस्तुति दी. उन्होंने बताया कि उच्च शिक्षा न केवल कैरियर निर्माण के लिए आवश्यक है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. कार्यक्रम के अन्त में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ टीम ने विस्तार से समाधान प्रस्तुत किया. मीडिया प्रभारी डॉ सुयश कुमार ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश शासन द्वारा निर्देशित इस कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को महाविद्यालयीन शिक्षा के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने भविष्य के प्रति जागरूक बनाना है. विद्यालय प्रशासन ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी पहल से छात्रों में नई ऊर्जा का संचार होता है और वे अपने लक्ष्य के प्रति अधिक स्पष्टता के साथ आगे बढ़ते हैं. अंत में, अभियान टीम ने सभी विद्यार्थियों से शिक्षा को प्राथमिकता देने और उज्ज्वल भविष्य के लिए कॉलेज में प्रवेश लेने की अपील की