जिन्दगी जीने का फलसफा है गीता :डॉ. विष्णु नारायण तिवारी
ग्वालियर। धर्म, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार हेतु आयोजित पंच दिवसीय “गीता ज्ञान यज्ञ” का शुभारंभ शनिवार, 9 मई से गंगा दास की बड़ी शाला, लक्ष्मी बाई कॉलोनी, पड़ाव, लश्कर, ग्वालियर में अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण के मध्य हुआ। यह दिव्य आयोजन ज्येष्ठ कृष्ण सप्तमी से एकादशी विक्रम संवत् 2083 तक, अर्थात् 9 से 13 मई 2026 तक संपन्न होगा। कार्यक्रम में प्रतिदिन सायंकाल 4 बजे से 7 बजे तक गीता स्वाध्याय एवं प्रवचन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गीता प्रेमी एवं धर्मानुरागी उपस्थित होकर भगवद्गीता के अमृत संदेश का लाभ ले रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस भव्य एवं दिव्य उद्घाटन अवसर पर कथा व्यास गीता मनीषी एवं विश्वगीताप्रतिष्ठानम् के केन्द्रीय महामन्त्री डॉ. विष्णु नारायण तिवारी ने गीता माहात्म्य एवं भूमिका पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए अर्जुन के विषाद तथा भगवान श्रीकृष्ण द्वारा प्रदत्त दिव्य उपदेशों का मार्मिक वर्णन किया। उन्होंने द्वितीय अध्याय “सांख्य योग” की वर्तमान जीवन में प्रासंगिकता बताते हुए कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को दिशा देने वाला दिव्य ज्ञान है। गीता मनुष्य को कर्म, ज्ञान, भक्ति और आत्मानुशासन का संदेश देती है तथा विषम परिस्थितियों में भी धैर्य, कर्तव्य और आत्मविश्वास बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करती है।
प्रवचन के दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से गीता श्लोकों का सामूहिक पाठ किया तथा धर्ममय वातावरण में आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त की। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित उपस्थित होकर गीता ज्ञान यज्ञ का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
आयोजन के अंतर्गत 13 मई को अखण्ड गीता पाठ, वैदिक हवन एवं विशेष प्रवचन का आयोजन किया जाएगा। इसके उपरांत 14 मई को जिला कार्यशाला जिसमें गीता स्वाध्याय मंडलों के विस्तार, संगठनात्मक गतिविधियों एवं समाज में गीता प्रचार के विभिन्न आयामों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस पावन आयोजन के आयोजक पूरण बैराठी पीठाधीश्वर स्वामी श्री राम सेवक दास जी महाराज हैं। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर गीता ज्ञान यज्ञ में सहभागिता करने एवं श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश को जीवन में आत्मसात उतारने का किया है। इस अवसर मध्य भारत प्रांत संपर्क प्रमुख सही कालीचरण शर्मा केंद्रीय मीडिया प्रभारी श्री धर्मेंद्र सिंह जिला संयोजक श्री अभिषेक द्विवेदी गीता शिक्षण प्रमुख डॉ अंजना कुमारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।