मुरैना की सभा में भावुक हुई प्रियंका, बोली- मेरे पिता को विरासत में धन दौलत नहीं शहादत मिली

- भाजपाइयों ने हद से ज्यादा सत्ता और धन बंटोर रखा है 
ग्वालियर/मुरैना। कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी गुरूवार को मुरैना में मोदी सरकार पर जमकर बरसी। उन्होंने कहा कि देश में पिछले 10 साल से मोदी सरकार है। आज देश में बड़ी-बड़ी समस्याएं है। हद से ज्यादा इन्होंने सत्ता और धन बंटोर रखा है। इस सरकार ने जहां जहां से आपको रोजगार मिल रहे थे वो सारे साधन बंद कर दिए। बेरोजगारी 45 साल में सबसे ज्यादा है। उन्होंने कहा कि 19 साल की उम्र में मैं अपने शहीद पिता के टुकड़े घर लाई। मेरे दिल में ये भावना थी कि मैंने अपने पिता को हिफाजत से तुम्हारे पास भेजा। लेकिन मुझे टुकड़े लौटा दिए। मैं समझती हूं शहादत का क्या मतलब है। मोदी जी मेरे पिता को देशद्रोही बोलते हैं। वे कहते है मेरे पिता ने कोई कानून बदल दिया उनकी मां से विरासत लेने के लिए। उन्होंने भावुक होते हुये कहा कि मोदी जी इस बात को समझ नहीं पाएंगे कि मेरे पिता को विरासत में धन दौलत नहीं बल्कि शहादत मिली है।
गुरूवार को प्रियंका गांधी मुरैना के मेला ग्राउण्ड में कांग्रेस प्रत्याशी सत्यपाल नीटू सिकरवार के समर्थन में आयोजित सभा में बोल रही है। कांग्रेस प्रत्याशी सिकरवार का मुकाबला भाजपा के शिवमंगल सिंह तोमर और बसपा प्रत्याशी रमेश गर्ग से है। प्रियंका गांधी ने कहा कि मुरैना वीरों की धरती है। ये पवित्र धरती है। आपने यहां से अपने जवान बेटे सरहदों पर भेजे, सेना में भेजे। परंतु अब मोदी सरकार अग्निवीर स्किम लाई है। इसका मतलब है बेटा सेना में भर्ती होगा, 4 साल बाद वापस घर आ जाएगा। फिर से बेरोजगार हो जाएगा। सेना में जितनी सुविधाएं पहले मिलती थी। अब नहीं मिलती है। उन्होंने कहा कि इस सरकार ने जहां जहां से आपको रोजगार मिल रहे थे वो सारे साधन बंद कर दिए। सरकार के बड़े बड़े कारखाने होते थे। कोयले की खदानें, बंदरगाह, हवाई अड्डे, सड़कें, बिजली बनाने के कारखाने आज सारे प्रधानमंत्री के गिने चुने खरबपति मित्रों को सौंप दिए गए हैं। प्रियंका ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी 45 साल में सबसे ज्यादा है। माता-पिता मेहनत से बच्चों को पढ़ाते हैं। चाहते हैं कि उनके बच्चों का भविष्य उज्जवल हो। महंगाई इतनी बढ़ गई है कि इतना करना भी मुश्किल है। मिट्टी का तेल, दाल, सब्जियों सबका भाव बढ़ गया है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि सच्चाई ये है कि हद से ज्यादा इन्होंने सत्ता और धन बंटोर रखा है। आपको कहते हैं हम बहुत ईमानदार हैं। इन्होंने एक इलेक्टोरल बॉन्ड स्किम निकाली। जो भी इनको चंदा देगा उनका नाम गुप्प रहेगा। ये चंदा इकट्ठा करते रहे। आज दुनिया में सबसे अमीर राजनीति पार्टी कौन है, सब जानते हैं। भाजपा में पैसा ही पैसा है। ये पैसा, ये धन कहां से आया। कोर्ट ने इस स्किम को गलत बताया। कहा लिस्ट निकालो। किस किस से चंदा लिया। सब सामने आ गया। जिन लोगों पर मोदी जी ने छापा लगवाया था। उनसे उनकी पार्टी चंदा लेती है। फिर छापे बंद। फिर जिन पर केस डाले थे और जिन पर मुकदमे डाले थे, उनसे चंदा लेते हैं और मुकदमे ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। आप चंदा ले रहे थे कि वसूली कर रहे थे। जैसे रास्ते के गुंडे होते हैं, आपकी दुकान पर आकर बोलते हैं हफ्ता दो। यही तो कर रहे थे ये लोग। ऐसा करके इन्होंने अपनी पार्टी को सबसे अमीर बना लिया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि मोदी जी महलों में रहते हैं। बड़ी-बड़ी गाड़ियों में घुमते हैं। बड़े-बड़े हवाई जहाजों में घुमते हैं। आपके बीच आते हैं तो इस तरह मंच पर आते हैं। कभी किसी के घर या गांव में उन्हें देखा है क्या? वाराणसी में वे किसी के घर नहीं गए। वे जनता से पूरी तरह से कट गए हैं। लेकिन हमारी परंपरा रही है कि जो सत्ता में रहता है देश की सेवा ही उसका धर्म रहता है। वो जनता को सर्वोपरी रखता है। भगवान की तरह मानता है। आज हमारी सरकार जनता के लिए नहीं चल रही है। जब इनके नेता भाषण देने आते है तो बताइए क्या क्या बातें करते हैं। मोदी जी के मुंह से अगर किसी ने बेरोजगारी शब्द सुना हो तो बताओ। 10 साल से प्रधानमंत्री है। पूरी दुनिया का भ्रमण किया है। मोदी जी क्या इस देश की जनता को भूल गए हैं? 
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने जो आंदोलन किया ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ, वह हिंदू धर्म की सीख पर आधारित था। कांग्रेस पार्टी किस पर आधारित है। हिंदू धर्म जो सिखाता है उस पर आधारित है। महात्मा गांधी ने जो आंदोलन किया उसमें एक ही उनकी धारणा थी। सत्य के पथ पर चलना। इसी के आधार पर ये देश आजाद हुआ। आमसभा में प्रदेश प्रभारी भंवर जितेन्द्र सिंह, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी भी  उपस्थित थे। 

posted by Admin
125

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

00000-00000

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Ankit Singhal

!-- Google Analytics snippet added by Site Kit -->