घर-घर की कन्या पूजाः रामनवमीं पर हवनपूजन, रामायण पाठ, भंडारें हुये
ग्वालियर। नवदुर्गा उत्सव के आखिरी दिन रामनवमीं पर मंदिरों में हवन पूजन, रामायण पाठ सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठान किये गये। मंदिरों में कन्या भोज के साथ जगह-जगह भंडारें हुये। मंदिरों में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों की भीड़ लगी रही। कुल मिलाकर रामनवमीं पर हर तरफ भक्ति व खुशी का माहौल देखा गया।
ग्वालियर में बुधवार सुबह से ही मंदिरों में हवन-पूजन व माता पूजन के कार्यक्रम हुये। रामनवमीं पर देवी मंदिरों जैसे सातऊ स्थित शीतला माता, महलगांव की कैला देवी मैया (करौली), नाका चन्द्र वदनी वैष्णोदेवी, कैंसर हिल्स मांडरे की माता मंदिर पर सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचे और पूजा अर्चना की। उपनगर मुरार के मीरा नगर में शीतला व हनुमान मंदिर में दुर्गा पूजन के साथ-साथ रामायण पाठ किया गया। रामजी की आरती के बाद कन्या भोज कराया गया। इधर सुबह से ही सातऊ स्थित शीतला मंदिर पर माता के भक्तों की भीड़ उमड़ी। वहीं शहर में करीब 500 से ज्यादा स्थानों पर माता के भंडारे हुये। लोगों ने सड़क किनारे स्टॉल लगाकर माता का प्रसाद बांटा।
रामनवमीं पर ग्वालियर की अयोध्या फालका बाजार राम मंदिर पर सुबह से ही भक्तों का मेला लगा रहा। श्रद्धालु प्रभु श्रीराम के दर्शन करने के लिये उत्सुक दिखे। देर रात्रि तक श्रीराम मंदिर पर भक्तों का दर्शनों के लिये मेला लगा रहा। इस दौरान कई धार्मिक आयोजन भी हुये। मंदिर को आकर्षक विद्युत साज सजावट से सजाया गया था।