ग्वालियर। खरीफ मौसम के लिये ग्वालियर जिले में सरकार द्वारा किसानों की आवश्यकता के अनुरूप रासायनिक उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। किसान भाईयों से अपील की गई है कि उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता या घबराहट में न रहें और खाद के अनावश्यक भंडारण से भी बचें। किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग ने किसान भाईयों से यह भी अपील की है कि वे केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद की खरीद करें।
उप संचालक कृषि आर.बी.एस. जाटव ने बताया कि बाजार में कभी-कभी डीएपी अथवा अन्य उर्वरकों से मिलते-जुलते नामों, आकर्षक पैकेजिंग अथवा भ्रामक प्रचार के माध्यम से उत्पादों की बिक्री किए जाने की संभावना रहती है। ऐसे में किसान भाई उर्वरक खरीदने से पहले उसके ब्रांड, ग्रेड, निर्माता कंपनी, पोषक तत्वों की मात्रा तथा पैकेट पर अंकित अन्य विवरणों का सावधानीपूर्वक अवलोकन अवश्य करें।