होर्डिंग स्ट्रक्चर गिरने पर होर्डिंग संचालकों पर चला निगम का चाबुक
- दो यूनीपोल होर्डिंग की अनुमति निरस्त एवं इंजीनियर को नोटिस जारी
- स्वीकृत साइज से बड़ा लगाया था होर्डिंग
ग्वालियर। शुक्रवार की रात आई हल्की आंधी से फूलबाग एल.आई.सी. कार्यालय के सामने स्थित होर्डिंग संख्या ओएमडी-727 स्ट्रक्चर सहित गिर गया। होर्डिंग गिरने की सूचना मिलने पर निगम आयुक्त संघ प्रिय के निर्देश पर नगर निगम की विज्ञापन शाखा के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। जांच में सामने आए तथ्यों के अनुसार होर्डिंग अपने तय आकार से अधिक बड़ा लगा था। सुरक्षा मानकों में लापरवाही बरतने पर नगर निगम ने सख्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त के निर्देश पर निगम ने ओएमडी-727 एवं ओएमडी -728 की अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई है। वहीं मामले में स्ट्रक्चरल सेफ्टी प्रमाण-पत्र जारी करने वाले इंजीनियर को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
नगर निगम विज्ञापन शाखा के नोडल अधिकारी अनूप लिटोरिया ने बताया कि निरीक्षण में पाया गया कि ओएमडी -727 पर स्थापित होर्डिंग का स्ट्रक्चर स्वीकृत डिजाइन के अनुरूप नहीं था। यह स्ट्रक्चर निजी भूमि पर बना हुआ था तथा निजी व्यक्ति को इसकी परमिशन दी गई थी। साथ ही ओएमडी -728 पर लगे होर्डिंग का आकार भी निर्धारित सीमा से अधिक पाया गया। इसे मध्यप्रदेश आउटडोर मीडिया नियम-2017 की शर्तों का उल्लंघन माना गया है। निगम ने विज्ञापन एजेंसी संचालक को तीन दिन के भीतर दोनों होर्डिंगों के स्ट्रक्चर हटाने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि में कार्रवाई नहीं होने पर निगम स्वयं होर्डिंग हटाकर उसका खर्च संबंधित एजेंसी से वसूल करेगा। वहीं स्ट्रक्चरल इंजीनियर हिमांशु निगम को जारी नोटिस में पूछा गया है कि उनके द्वारा जारी स्ट्रक्चरल स्टेबिलिटी सर्टिफिकेट का आधार क्या था। डिजाइन, विंड लोड विश्लेषण और निर्माण गुणवत्ता का परीक्षण किन मानकों के अनुसार किया गया। इंजीनियर को तीन दिन के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इस मामले में निगम आयुक्त संघ प्रिय ने विज्ञापन शाखा को निर्देश दिए हैं कि शहर में लगे होर्डिंग्स की जांच की जाए। जिसमें सुरक्षा नियमों के पालन की स्थिति को परखा जाए। साथ ही यह भी देखा जाए की होर्डिंग का आकार तय सीमा से अधिक तो नहीं है। अगर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है तो होर्डिंग लगाने वाली कंपनी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए।