विद्यार्थियों से संवाद एवं गौ-प्याऊ का लोकार्पण हुआ
ग्वालियर। जैव-विविधता संरक्षण एवं जनजागरण गतिविधियों के अंतर्गत आज मोनी महाराज आश्रम, कैंसर पहाड़िया रोड स्थित हनुमान मंदिर परिसर में प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम एवं गौ-प्याऊ (जल टंकी) लोकार्पण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में स्वामी ऋषभ देवानंद महाराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति में जैव-विविधता, प्रकृति संरक्षण एवं गौसंवर्धन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विविधता ही भारतीय संस्कृति की मूल शक्ति और पहचान है। भारतीय परंपरा में प्रकृति के प्रत्येक तत्व का सम्मान किया गया है तथा गौमाता को समस्त देवी-देवताओं की चेतना का प्रतीक माना गया है। गौमाता भारतीय संस्कृति, पर्यावरण और लोकजीवन के मध्य एक सशक्त सेतु के रूप में स्थापित हैं।
कार्यक्रम के दौरान गौमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने, गौसंरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा समाज की सहभागिता बढ़ाने के विषयों पर विचार-विमर्श भी किया गया। इस अवसर पर शिवानंद महाराज, अशोक दीक्षित, नितिन अग्रवाल सहित मंदिर समिति के अध्यक्ष पूरन सिंह, उपाध्यक्ष बृजमोहन गोस्वामी, सचिव नीरज गोस्वामी, सह सचिव रविकांत भारद्वाज, संरक्षक संजय गोस्वामी, संतोष गोस्वामी, कोषाध्यक्ष श्रीमती अंजलि सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विद्यार्थी एवं भक्तगण उपस्थित रहे।