शहरवासी घर बैठे एक क्लिक से कर सकेंगे स्वच्छता की शिकायतें
ग्वालियर । शहरवासियों को अब कचरा नहीं उठने, टिपर गाडी के समय पर नहीं आने जैसी स्वच्छता से जुड़ी 21 प्रकार की समस्याओं के लिए लोगों को नगर निगम मुख्यालय एवं क्षेत्रीय कार्यालयों पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। शहरवासी स्वच्छता से संबंधी शिकायतों का फोटो अपने मोबाइल खीच कर सीधे स्वच्छ ग्वालियर एप पर अपलोड कर सकते हैं। आमजनों की शिकायत संबंधित अधिकारी तक पहुंच जाएगी और उसका निराकरण हो सकेगा।
निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशानुसार स्वच्छता के क्षेत्र में नगर निगम द्वारा अनूठी पहल की है। नगर निगम के टिपर वाहन समय पर नहीं आना, सीवर ओवरफ्लो होना, सार्वजनिक शौचालय में पानी नहीं आना, सार्वजनिक शौचालय गंदा होना सहित स्वच्छता से संबंधित अन्य शिकायतें दर्ज करा सकते हैं। आमजन इस एप को गूगल प्ले स्टोर के माध्यम से स्वच्छ ग्वालियर लिखकर एप डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद आमजनों को अपना रजिस्ट्रेशन करना होगा। आमजनों द्वारा स्वच्छ ग्वालियर एप के माध्यम से की गई शिकायत सीधे संबंधित अधिकारी तक पहुंचेगी, जिससे आसानी से समस्या का निराकरण हो सकेगा।