अवैध कॉलोनी काटने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, 21 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
ग्वालियर। जिले में अवैध कॉलोनियां काटने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस कड़ी में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा पारित आदेश के पालन में राजस्व अनुविभाग मुरार के अंतर्गत अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले 21 लोगों के खिलाफ पुलिस थानों में आपराधिक प्रकरण दर्ज कराए गए हैं।
एसडीएम मुरार नरेश चंद्र गुप्ता ने बताया कि ग्राम बेरजा, सुपावली, बरेठा, लक्ष्मणगढ़, करिगवा, धनेली, उदयपुर, सुनारपुरा खालसा और सिरोली में बगैर सक्षम अनुमति के अवैध कॉलोनियां काटे जाने पर यह कार्रवाई की गई है। जांच के उपरांत अधिकृत मौजा पटवारियों द्वारा संबंधित थानों में एफआईआर दर्ज कराई गईं। उन्होंने बताया कि बिजौली थाना में 17 तथा महाराजपुरा थाना में 4 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस प्रकार कुल 21 लोगों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कराए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध कॉलोनी निर्माण के मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि भूखंड क्रय करने से पहले संबंधित भूमि और कॉलोनी की वैधता की जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की धोखाधड़ी या विवाद से बचा जा सके।