- अपने साथ-साथ घर के सदस्यों को भी जागरुक करेंः निगमायुक्त
ग्वालियर। स्वच्छता केवल आदत नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन की आधारशिला है। हम अपने घर, विद्यालय और आसपास को साफ रखकर बीमारियों से बच सकते हैं। कचरा सही स्थान पर डालें, सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करें और दूसरों को भी प्रेरित करें। मिलकर हम स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित समाज बना सकते हैं। यह बात हापौर डॉक्टर शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने स्वच्छता संवाद के दौरान आम नागरिकों से कही।
नगर निगम द्वारा नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए स्वच्छता संवाद कार्यक्रम का आयोजन सोमवार को महाराजा कंपलेक्स दीनदयाल नगर में हुआ। कार्यक्रम में महापौर डा. शोभा सिकरवार ने सभी को यह संकल्प दिलाया कि हम सभी ग्वालियर को स्वच्छ बनाने के लिए मिलकर कार्य करेंगे तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करेंगे एवं अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करेंगे। संवाद में निगम आयुक्त संघ प्रिय ने बताया कि नगर निगम की आईएससी टीम द्वारा विभिन्न स्कूलों में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है जिससे वह अपने साथ-साथ घर के सदस्यों को भी जागरुक कर सकेंगे। वार्ड 18 की पार्षद श्रीमती रेखा त्रिपाठी ने मंच से सभी नागरिकों से कहा कि सभी अपने घरों में कम से कम दो डस्टबिन का उपयोग करें जिसमें सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग संग्रहण कर कचरे की गाड़ी में ही डालें। कार्यक्रम में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, कोचिंग संचालक पी एस कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।