अक्षय तृतीया का दिन सबसे पवित्र होता हैः केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह
- किरार क्षत्रिय समाज के विवाह सम्मेलन में 31 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
ग्वालियर। आज अक्षय तृतीया है। सभी बहन भाई व बेटे-बेटियों को बधाई। आज का दिन इतना पवित्र होता है कि बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह संपन्न होते हैं। यह बात सेामवार को केन्द्रीय कृषि मंत्री व मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुरार के रामलीला मैदान में किरार क्षत्रिय समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में कही।
ग्वालियर में अक्षय तृतीया के मौके पर मुरार के रामलीला मैदान में किरार क्षत्रिय समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 31 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। सम्मेलन में शामिल होने आये केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर-वधु को आशीर्वाद दिया और उनके मंगल भविष्य कामना की। उन्होंने वर-वधु को मैरिज सार्टिफिकेट वितरण कर उनको आशीर्वाद देने के बाद केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आज अक्षय तृतीया है। सभी बहन भाई व बेटे-बेटियों को बधाई। आज का दिन इतना पवित्र होता है कि बड़ी संख्या में सामूहिक विवाह संपन्न होते हैं। किरार क्षत्रिय महासभा के सम्मेलन में बिना किसी सहायता के समाज के दानदाताओं के द्वारा राशि और सामान एकत्रित कर एक गृहस्थी का पूरा सामान वर-वधु को दिया जाता है। समाजों के ऐसे काम हमारे संस्कार और संस्कृति को दिखाते हैं। यह कई लोगों का भी सहारा है।
सात सैकड़ा से ज्यादा विवाह हुये
अक्षय तृतीया पर सोमवार को ग्वालियर में 700 से अधिक विवाह हुये। एक सैकड़ा विवाह सामूहिक सम्मेलनों में हुए हैं। किरार क्षत्रिय समाज, ब्राह्मण समाज और कुशवाह समाज द्वारा अलग-अलग सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किये गये। अक्षय तृतीया इस बार 19 और 20 अप्रैल को मनाई जा रही है। शुभ मुहूर्त के चलते शहर में विवाहों की धूम है। कुशवाह समाज आदर्श विवाह आयोजन समिति द्वारा शिवपुरी लिंक रोड स्थित नीम चंदोहा बेला की बावड़ी में 33 जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया गया। सकल ब्राह्मण महासमिति ने सनातन धर्म मंदिर में 5 जोड़ों को सामूहिक विवाह कराया। सामूहिक विवाह में नवविवाहित जोड़ों को फ्रीज, वॉशिंग मशीन, अलमारी, टीवी, कूलर, पलंग, गैस चूल्हा, बर्तन, ज्वेलरी सेट, कपड़े, कंबल, पंखा, मिक्सी, इंडक्शन सहित अन्य गृहस्थी का सामान उपहार स्वरूप दिया गया।