दीपावली पर कार्बाइड और अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस कसेगी शिकंजाः एसएसपी धर्मवीर
ग्वालियर। दीपावली और आगामी त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ग्वालियर पुलिस अलर्ट हो गई है। कैल्शियम कार्बाइड, कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और अवैध पटाखों की खरीद-बिक्री, भंडारण और सप्लाई पर पुलिस विशेष निगरानी रखेगी। इसके लिए हार्डवेयर दुकानों की चेकिंग की जाएगी। वहीं, बाजारों में अतिक्रमण रोकने, यातायात व्यवस्था सुधारने और फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। यह निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने शुक्रवार को राजपत्रित अधिकारियों और शहर के थाना प्रभारियों की बैठक लेकर दिए।
बैठक में एसएसपी धर्मवीर सिंह ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में हार्डवेयर दुकानों की जांच करने और कैल्शियम कार्बाइड की अनधिकृत बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश दिए। कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप और इनसे संबंधित सामग्री की अवैध खरीद-बिक्री पर भी नजर रखी जाएगी। बिना अनुमति पटाखों के निर्माण, बिक्री और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एसएसपी ने दीपावली पर लगने वाले पटाखा बाजारों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा है। एसएसपी ने त्योहारों पर बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर दिया। दुकान का सामान सड़क पर नहीं रखने और वाहनों की पार्किंग सड़क पर नहीं करने के लिए निर्देशित किया जाएगा।
एसएसपी ने फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा और बाजारों में शांति बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। बैठक में एएसपी जयराज कुबेर, डॉ. शिवेश सिंह बघेल, सीएसपी रोबिन जैन, नागेंद्र सिंह सिकरवार, कृष्णपाल सिंह, संदीप बांगरे, डीएसपी अपराध मनीष यादव सहित शहर के सभी थाना प्रभारी मौजूद रहे।