दीपावली पर सफाई व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। दीपावली पर्व के दौरान शहर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अपर आयुक्तश्री टी. प्रतीक राव ने सिटी सेंटर स्थित बाल भवन स्थित टीएलसी हॉल में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक ली। बैठक में उन्होंने दीपावली के अवसर पर 15 दिनों तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा सुबह और शाम नियमित रूप से सफाई कार्य कराने के निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त आईईसी मुकेश बंसल, नोडल अधिकारी आईईसी शैलेन्द्र सक्सेना, कार्यपालन यंत्री कार्यशाला पुष्पेन्द्र श्रीवास्तव उपस्थित रहे।
अपर आयुक्त राव ने निर्देश दिए कि दीपावली के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए 15 दिनों तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर सुबह और शाम सफाई कराई जाए। कचरा संग्रहण वाहनों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएं तथा प्रत्येक घर से नियमित रूप से कचरा एकत्रित किया जाए। नागरिकों को भी अपने घरों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। बैठक में अपर आयुक्त ने खुले में कचरा जलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से निकलने वाले कचरे को खुले में फेंकने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाए तथा ऐसे मामलों को प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित सक्षम प्राधिकारी के संज्ञान में लाया जाए। इसके साथ ही मीट मार्केट से निकलने वाले कचरे के संग्रहण के लिए अलग से वाहन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
शहर की सड़कों पर धूल उड़ने से रोकने के लिए नियमित रूप से सुबह 6 से 10 बजे तक तथा शाम 4 से 7 बजे तक रोड स्वीपिंग एवं फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए। अपर आयुक्त ने कहा कि त्योहार के दौरान सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की समस्या या कार्य में बदलाव होने पर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचित किया जाए, ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान कर कार्य सुचारू रूप से जारी रखा जा सके। बैठक में अनुपस्थित स्वास्थ्य अधिकारियों एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। अपर आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा दीपावली के दौरान शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।