बिलौआ में लगा जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर, मौके पर सुलझी समस्यायें

ग्वालियर। भूपेन्द्र रावत व मनेश चौरसिया अस्थि बाधित दिव्यांग हैं। वे दूसरों के सहारे से ही चल फिर पाते हैं। तनुष्का गुप्ता को बहुत कम दिखाई देता है। इन सभी को उनके घर के नजदीक ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाकर सौंपे गए। चरन सिंह, बाबू सिंह व राम बहादुर सिंह को ऐसे क्रेडिट कार्ड (केसीसी) मिले, जिनसे वे बिना ब्याज के कृषि ऋण प्राप्त करने के हकदार बन गए। इसी तरह स्वामित्व योजना के तहत विभिन्न लोगों को आवासीय सम्पत्ति के वास्तविक मालिकाना हक के दस्तावेज तो विभिन्न बालिकाओं की माताओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर आयुष्मान व आधार कार्ड बने। मेधावी बालिका प्रियांशी ई-स्कूटी पर बैठकर खुशी-खुशी अपने घर के लिये रवाना हुईं। वहीं उद्यमी संवाद ने स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनने का रास्ता दिखाया।
यहाँ बात हो रही है “मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान” के तहत शुक्रवार को बिलौआ में आयोजित हुए जन-विश्वास शिविर की। बिलौआ नगर परिषद की अध्यक्ष श्रीमती विजयलक्ष्मी चौरसिया की मौजूदगी में आयोजित हुए शिविर में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत एवं एसडीएम राजीव समाधिया सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर ही जन समस्याओं का निराकरण किया तो जाहिर है आम जनता का सरकार के प्रति विश्वास मजबूत हुआ। शिविर में लगभग 53 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया। बिलौआ में आयोजित हुए शिविर के माध्यम से सीएम हैल्पलाइन की 427 शिकायतों का निराकरण भी किया गया। मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिये शिविर में मेडीकल बोर्ड बैठा। साथ ही आधार कार्ड, आयुष्मान कार्ड व केसीसी बनाने की विशेष व्यवस्था की गई थी। उद्यमी संवाद, इन्फ्लुयेंसर संवाद व किसान संवाद भी शिविर का आकर्षण रहे। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने मौके पर राजस्व अधिकारियों की टीम भेजकर नामांकन, बटवारे व रास्ते की रुकावट जैसी समस्याओं का समाधान कराया। साथ ही बिलौआ की कुछ बस्तियों में जल भराव की समस्या का एक हफ्ते के भीतर स्थायी समाधान करने के निर्देश मुख्य नगर पालिका अधिकारी को दिए। 

उद्यमी संवाद में स्थानीय युवा हुए आत्मनिर्भरता के लिये प्रेरित 
बिलौआ में लगे जन-विश्वास शिविर में स्थानीय एंटरप्रेन्योर (लघु उद्यमियों) ने अपनी सफलता के अनुभव साझा कर अन्य युवाओं को आत्मनिर्भरता के लिये प्रेरित किया। बिलौआ निवासी दिनेश कुशवाह ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से पाँच लाख रुपए का लोन लेकर ऑटो पार्ट्स के व्यवसाय को आगे बढ़ाया है। वे स्वयं तो आत्मनिर्भर बने ही हैं, उन्होंने चार अन्य लोगों को नौकरी दी है। इसी तरह कपिल झा ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से 25 लाख रुपए का लोन लेकर क्रेशर मशीनों में उपयोग होने वाले कन्वेयर बेल्ट का व्यवसाय शुरू किया है। उनका वार्षिक टर्नओवर लगभग पौने 2 करोड़ रुपए पहुँच गया है। इसी तरह हरिओम चौरसिया ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत मिले चार लाख रुपए के लोन से फलता-फूलता बैट्री उद्यम खड़ा किया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से एक - एक लाख रुपए का लोन लेकर रामबाई मोती की माला और ममता बाई झाड़ू निर्माण का काम कर रही हैं। दोनों इस उद्यम से घर का खर्चा चलाने के साथ-साथ नियमित रूप से ऋण अदायगी भी कर रही हैं। इन्फ्लुयेंसर संवाद में स्थानीय इन्फ्लुयेंसर देवांशु जोशी ने विचार रखे। उनका कहना था कि उन्होंने सांदीपनि स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं सहित सरकार की अन्य कल्याणकारी योजनाओं पर वीडियो क्लिप अपलोड की हैं। जिन्हें जनता की सराहना मिल रही है। 

स्कूटी मिली तो खुशी से झूमी प्रियांशी 
बिलौआ में आयोजित हुए जन-विश्वास शिविर में कु. प्रियांशी तिवारी को कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने राज्य शासन की ओर से ई-स्कूटी की चाबी सौंपी। ई-स्कूटी पाकर प्रियांशी की खुशी देखते ही बनी। उन्होंने ई-स्कूटी में चाबी लगाई और फर्राटा भरते हुए अपने घर के लिये रवाना हुईं। मेधावी छात्रा प्रियांशी ने 12वीं कक्षा में 94 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए हैं। राज्य शासन ने उन्हें इस उपलब्धि पर ई-स्कूटी प्रदान की है। प्रियांशी ने ग्वालियर के केआरजी कॉलेज में स्नातक करने के लिये प्रवेश लिया है। 

प्रगतिशील कृषकों ने साझा की प्राकृतिक खेती की बारीकियां 
सफलतापूर्वक प्राकृतिक (जैविक) खेती कर रहे कल्याण सिंह एवं कुमेर सिंह जाटव ने अपने अनुभव साझा किए। कल्याण सिंह का कहना था कि उन्होंने अपनी दो बीघा जमीन पर जैविक बगीचा लगाया है, जिसमें वह सब्जी की खेती भी करती हैं, जिससे उन्हें अच्छी खासी आमदनी हो रही है। कुमेर सिंह जाटव ने बताया कि उन्होंने गौमूत्र, बेसन व गुड़ के मिश्रण से जीवामृत के रूप में जैविक कीटनाशक तैयार किया है। दोनों कृषकों ने आह्वान किया कि रासायनिक खाद व पेस्टीसाइट से तमाम बीमारियां फैलती हैं। किसान भाई जैविक खेती अपनाएं। 

जन-विश्वास शिविर से पहले कलेक्टर ने किया निरीक्षण, स्वामित्य योजना के कार्य का लिया जायजा 
बिलौआ में आयोजित हुए जिला स्तरीय जन-विश्वास शिविर में शामिल होने निकलीं कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने जौरासी ग्राम में स्वामित्व दस्तावेज ऐप के माध्यम से की जा रहीं रजिस्ट्री का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय पटवारी को इस काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बिलौआ की प्राथमिक सहकारी संस्था निष्क्रिय पाई जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही विभागीय अधिकारियों को इस संस्था से जुड़े किसानों को राज्य शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने बिलौआ स्थित पशु चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से चर्चा कर अस्पताल के माध्यम से मिल रहीं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही यहां के वेटनरी सर्जन डॉ. राकेश धाकड़ को निर्देश दिए कि मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखकर टीकाकरण के साथ-साथ उपचार की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करें। 

posted by Admin
20

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->