जिला स्तरीय सांसद राज्यसभा खेल प्रतियोगिता 3 से 5 फरवरी तक, सिंधिया करेंगे उदघाटन

ग्वालियर | जिला स्तरीय सांसद (राज्यसभा) खेल प्रतियोगिता 3 से 5 फरवरी तक फूलबाग मैदान पर आयोजित होगी। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा 3 फरवरी को प्रात: 11 बजे इस जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का उदघाटन प्रस्तावित है। प्रतियोगिता में आठ खेल विधाओं में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता महिला व पुरूष दोनों वर्ग में आयोजित होगी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शहरी क्षेत्र की टीमों के साथ-साथ ग्रामीण अंचल की टीमों को भी प्रतियोगिता में भागीदार बनाने के लिये आयोजन समिति से कहा है।  
प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट के सभागार में अपर कलेक्टर टी एन सिंह की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। जिसमें प्रतियोगिता के आयोजन से संबंधित विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए। बैठक में तय किया गया कि पारंपरिक खेल सितौलिया व रस्साकसी में आयु का बंधन नहीं रहेगा। इसके अलावा सभी खेल विधाओं में 16 से 25 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। अपर कलेक्टर सिंह ने कहा कि फूलबाग मैदान पर खेलों के मापदण्ड के अनुरूप कोर्ट (खेल मैदान) तैयार करने के लिये नगर निगम के अधिकारी तत्परता से सभी कार्य पूर्ण करें। उन्होंने बैठक में मौजूद विभिन्न खेल संस्थानों से जुड़े प्रतिनिधियों एवं खेल अधिकारियों से भी कहा कि वे इस आयोजन को सफल बनाने के लिए समर्पण भाव से काम करें। प्रतियोगिता के संबंध में लोक निर्माण, स्कूल शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, महिला बाल विकास, पुलिस तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को भी जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के विधायक प्रतिनिधि एवं डॉ. भगवत सहाय कॉलेज की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष रामअवतार सिंह बैस ने बैठक में जानकारी दी कि जिला स्तरीय सांसद खेल प्रतियोगिता में खो-खो, रस्साकसी, कबड्डी, बॉलीबॉल, सितौलिया, पॉवर लिफ्टिंग, लम्बी कूँद व गोला फेंक शामिल किए गए हैं। बैठक में संयुक्त कलेक्टर संजीव जैन, अपर आयुक्त नगर निगम विजयराज, एसडीएम झांसी रोड़ विनोद सिंह, ग्वालियर सिटी अतुल सिंह व एसडीएम लश्कर नरेश कुमार गुप्ता, खेल अधिकारी जोसेफ बक्सला व अन्य संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी तथा शिववीर सिंह भदौरिया सहित विभिन्न खेल संगठनों से जुड़े प्रतिनिधिगण, रेफरी व कोच मौजूद थे। 

posted by Admin
118

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

00000-00000

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Ankit Singhal

!-- Google Analytics snippet added by Site Kit -->