स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने पर की चालानी कार्रवाई, वसूला 8800 का जुर्माना
ग्वालियर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ग्वालियर द्वारा स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्रवाई की जा रही है। निगमायुक्त अभिषेक चौधरी एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव के निर्देशानुसार शनिवार को नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग और स्वच्छता टास्क फोर्स (STF) की विभिन्न टीमों ने शहर के अलग-अलग वार्डों में निरीक्षण कर गंदगी फैलाने, कचरा जलाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि नगर निगम की टीमों द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान संबंधित स्थानों पर सफाई भी कराई गई, ताकि नागरिकों को स्वच्छ वातावरण मिल सके और सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके। नगर निगम की टीमों द्वारा की गई कार्रवाई के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 55 में केजीएन मुर्गा-मुर्गी फार्म पर 2,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार फ्रूट मंडी, वार्ड क्रमांक 40 में गंदगी के संबंध में 1,000 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई। जोन क्रमांक 3 के वार्ड क्रमांक 15 स्थित गदाईपुरा में भैंस डेयरी के विरुद्ध 1,700 रुपये का जुर्माना लगाया गया। जोन क्रमांक 20 के वार्ड क्रमांक 51 में ब्लैक स्पॉट पर कचरा फेंकने पर 250 रुपये तथा गंदगी फैलाने वालों पर 750 रुपये का जुर्माना किया गया।
इसके अतिरिक्त जोन क्रमांक 4 के वार्ड क्रमांक 13 में तानसेन रोड पर कचरा जलाने के मामले में 1,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, जोन क्रमांक 24 के वार्ड क्रमांक 65 में गिरवाई रोड पर गंदगी फैलाने के मामले में चालानी कार्रवाई करते हुए 2,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा संबंधित स्थान पर सफाई भी कराई गई। कार्रवाई के दौरान स्वच्छता टास्क फोर्स प्रभारी सोनू दौदेरिया, स्वास्थ्य अधिकारी अजय ठाकुर, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वैभव श्रीवास्तव के विभागीय दल सहित संबंधित क्षेत्रों के सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी, वार्ड स्वास्थ्य अधिकारी, सुपरवाइजर एवं स्वच्छता टास्क फोर्स के कर्मचारी सक्रिय रहे।