अंर्तराष्ट्रीय योग दिवसः ग्वालियर दुर्ग पर होगा जिला स्तरीय कार्यक्रम
ग्वालियर। जिले में भी 21 जून को 12वाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जायेगा। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम ऐतिहासिक ग्वालियर दुर्ग पर राजा मानसिंह महल के समीप प्रातः 6 बजे आयोजित होगा। जिले में इसके अलावा सभी नगरीय निकायों, पंचायत मुख्यालयों व ग्रामीण में भी क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विश्व योग दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने राज्य शासन द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों के तहत सुव्यवस्थित ढंग से विश्व योग दिवस पर सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन के संबंध में जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसे समय-सीमा में पूर्ण करें। इसके साथ ही सभी अधिकारी और कर्मचारी भी योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल हों। बैठक में निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त टी प्रतीक राव, एडीएम सीबी प्रसाद, एडीएम अनिल बनवारिया, एडिशनल एसपी जयराज कुबेर सहित जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
अधिकारियों को सौंपी राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के आगमन को लेकर जिम्मेदारी
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु 21 व 22 जून को अल्प प्रवास पर ग्वालियर पधारेंगीं। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के 21 व 22 जून को ग्वालियर के अल्प प्रवास के दौरान अधिकारियों को जो भी जवाबदेही सौंपी गई है वे सभी अधिकारी समय-सीमा में अपनी जवाबदारी का निर्वहन करें। बैठक में निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त नगर निगम टी प्रतीक राव, एडीएम सी बी प्रसाद, एडिशनल एसपी जयराज कुबेर, अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया सहित राजस्व, पुलिस, नगर निगम एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।