खरीफ की तैयारियों के लिए चल रहे कृषि रथ
ग्वालियर। जिले में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप मौजूदा वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। जिसके तहत ग्वालियर जिले में किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत तकनीक और वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि रथ संचालित किए जा रहे हैं। कृषि रथों के माध्यम से किसानों को कृषि अभियांत्रिकी, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन सहित कृषि से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी दी जा रही है।
उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास आरबीएस जाटव से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के विकासखंडों में प्रतिदिन कृषि रथ ग्राम पंचायतों का भ्रमण कर किसानों तक पहुंच रहे हैं। अभियान के तहत जिले की 48 ग्राम पंचायतों में लगभग 1500 किसानों को खरीफ फसल की तैयारियों से संबंधित जानकारी दी जा चुकी है। किसानों को उर्वरक व्यवस्था, ई-टोकन प्रणाली, बीज वितरण, फसल प्रदर्शन, आदान व्यवस्था, नरवाई प्रबंधन, प्राकृतिक खेती, कृषि यंत्रीकरण एवं फसल विविधीकरण जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अभियान के दौरान किसानों की समस्याओं का वैज्ञानिकों एवं कृषि अधिकारियों द्वारा मौके पर ही समाधान भी किया जा रहा है। साथ ही मृदा नमूना संग्रहण, जल संरक्षण इकाइयों का पंजीयन तथा अग्नि सुरक्षा से संबंधित गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। कृषि रथ जिले के विभिन्न गांवों में पहुंचकर किसानों को आधुनिक खेती अपनाने और खरीफ सीजन की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित कर रहे हैं।