दिव्यांग बच्चों के लिए कृष्णालय बना अपना घरः श्याम श्रीवास्तव
- छात्रावास बनाना सपना, जिसमें दिव्यांग बच्चों को मिलेंगी समुचित सुविधाएं
ग्वालियर। कृष्णालय दिव्यांग चाइल्ड केयर स्कूल दिव्यांग बच्चों के लिए घर के वातावरण से अधिक सुखमय प्रतीत हो रहा है, जहां दिव्यांग बच्चों को खेलकूद गाने बजाने के अलावा उनको प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से पढ़ाया भी जाता है। यह जानकारी कृष्णालय दिव्यांग चाइल्ड केयर स्कूल के अध्यक्ष श्याम श्रीवास्तव एवं सचिव संस्थापक नम्रता सक्सैना ने संयुक्त रूप से पत्रकारों को दी।
पदाधिकारियों ने पत्रकारों को बताया कि दो वर्ष पहले दिव्यांग चाइल्ड केयर स्कूल की शुरुआत छह बच्चों के साथ हुई न्यू इंद्रा नगर कोटेश्वर रोड से हुई थी। पहले वाले स्थान पर बच्चों के बढ़ने से जगह कम पड़ने लगी इस कारण दिव्यांग चाइल्ड केयर स्कूल मोहन नगर थाटीपुर पर खोला गया, आज यहां पर आधा सैंकड़ा के लगभग दिव्यांग बच्चे है जो कि सुबह स्कूल की वैन से आते है और शाम को वैन द्वारा घर वापस जाते है। डे सेंटर होने के कारण बच्चे चाहते हुए भी स्कूल में नहीं रुक पाते है। स्कूल में आने वाले बच्चों को दोपहर में साप्ताहिक दिनों के हिसाब से भोजन दिया जाता है। संस्थापक सचिव नम्रता सक्सैना ने बताया कि दिव्यांग बच्चों के छात्रावास खोलना उनका आगामी सपना है जिसे वह जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश में लगी हुई है। उन्होंने बताया कि बच्चों के एडमिशन प्रक्रिया पूर्णतः निःशुल्क है और सिर्फ आधार कार्ड एवं सहमति पत्र को औपचारिक जानकारी के साथ ही बच्चे का एडमिशन स्कूल में हो जाता है। स्कूल द्वारा बच्चों का माह में एक बार रूटीन चेकअप भी कराया जाता है। पत्रकारवार्ता में स्कूल के संरक्षक डॉ खोजेमा सैफी भी उपस्थित थे।