स्कूलों में शिक्षा के साथ बच्चों को पढ़ाया जाएगा स्वच्छता का पाठ: अपर आयुक्त
ग्वालियर। स्कूलों में छात्रों को शिक्षा के साथ अब स्वच्छता का पाठ भी पढाया जाएगा। इसके लिए अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने शासकीय एवं अशासकीय शिक्षकों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण के बारे में बताया साथ ही अपील की कि विद्यालयों में छात्रों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की बैठक ली। बैठक में अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने कहा कि विद्यालयों में मौजूद सभी महिला एवं पुरुष शौचालयों को साफ स्वच्छ रखे। इसके साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए। परिसर में अधिक से अधिक पौधरोपण कर हरियाली को बढावा दें। विद्यालयों में शिक्षक छात्रों को चार डस्टबिनों के बारे में बताए कि किस डस्टबिन में कौन सा कचरा डाला जाता है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों के घरों से कचरा अलग-अलग आने लगेगा तो कचरे का बेहतर उपयोग किया जा सकता है। गीले कचरे से खाद बनाई जाएगी, जबकि सूखे कचरे को रिसाइकिल कर उससे उपयोगी सामान तैयार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छ ग्वालियर एप लांच किया गया है, इस ऐप के माध्यम से शहरवासी स्वच्छता से जुड़ी शिकायतें कर सकते हैं। इन शिकायतों का निराकरण होने पर शहर में तब्दीली आएगी। अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में शहर की स्वच्छता को लेकर फीडबैक दिया जाता है। उन्होंने आग्रह किया कि शिक्षक अपने यहां पढ़ने आने वाले विद्यार्थियों एवं उनके परिजनों से भी फीडबैक दिलाएं जिससे शहर की रैंकिंग बेहतर हो सके।