समय पर निकलें डोर टू डोर वाहन: अपर आयुक्त राव
ग्वालियर। सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के लिए नगर निगम के अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने सुबह निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हाजिरी रजिस्टर के हिसाब से उपस्थिति चेक की। साथ ही सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने वाहन डिपो का निरीक्षण किया तथा वहां उन्होंने कर्मचारियों से चर्चा कर उनकी परेशानियों को जाना।
अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने स्वच्छता व्यवस्था को देखने के उद्देश्य से सुबह सुबह स्टैंड के पास स्थित नगर निगम के वाहन डिपो एवं अन्य कई क्षेत्रों में भ्रमण किया। डिपो के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिए कि निर्धारित समय पर सभी कर्मचारी वाहन डिपो पहुचें एवं सुबह जल्दी निकलें जिससे अधिक फेरे लगाये जा सकें तथा डोर टू डोर वाहन प्रत्येक घर तक पहुंचे इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि लोगों से बात करें कि वह गीला एवं सूखा कचरा अलग-अलग दें। वहीं वाहन चालकों एवं सुपरवाइजरों ने अपनी-अपनी समस्याएं बताईं। अपर आयुक्त ने सभी समस्याओं को एक साथ लिखकर देने के लिए कहा है, जिससे समस्याओं का निराकरण हो सके। इसके बाद अपर आयुक्त टी प्रतीक राव ने गोला का मंदिर स्थित सार्वजनिक शौचालय का निरीक्षण किया, वहां पर उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। वहीं गोला का मंदिर चौराहे के पास उन्होंने सफाई कर्मचारियों की हाजिरी चेक की। सभी कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया और रजिस्टर के हिसाब से उनकी उपस्थिति देखी गई। इसके बाद अपर आयुक्त ने सिटी सेंटर स्थित बीएसएनएल ऑफिस के पास कर्मचारियों से बात कर उन्हें बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी कार्यशाला पुष्पेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।