युवा महिला की बच्चेदानी बचाकर सिविल हॉस्पिटल हजीरा के डॉक्टरों ने किया सफल जटिल ऑपरेशन
ग्वालियर । सिविल अस्पताल हजीराके डॉक्टरों की टीम द्वारा एक जटिल एवं सफल ऑपरेशन कर 28 वर्षीय महिला की बच्चेदानी को सुरक्षित बचाया गया। मरीज ज्योति सिंह निवासी जिला इटावा बच्चेदानी में बड़ी गांठ (फाइब्रॉइड) की समस्या से पीड़ित थीं, जिसके कारण उन्हें अत्यधिक रक्तस्राव एवं असहनीय पेट दर्द की शिकायत थी। पूर्व में कई स्थानों पर परामर्श लेने पर मरीज को गांठ का आकार बड़ा होने के कारण बच्चेदानी निकालने की सलाह दी गई थी, निजी अस्पतालों में उपचार का खर्च अत्यधिक होने के कारण मरीज परेशान थीं। इसके बाद उन्होंने सिविल हॉस्पिटल हजीरा में संपर्क किया ।
सिविल अस्पताल हजीरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ प्रशांत नायक ने बताया कि महिला मरीज ज्योति सिंह निवासी जिला इटावा बच्चेदानी में बड़ी गांठ (फाइब्रॉइड) की समस्या से पीड़ित थीं। सिविल हॉस्पिटल हजीरा में डॉ. राहुल श्रीवास्तव (जनरल सर्जन) एवं उनकी टीम द्वारा मरीज की विस्तृत जांच कर ऑपरेशन की योजना बनाई गई एवं गुरुवार को सफल सर्जरी के दौरान बच्चेदानी के भीतर से बड़ी गांठ को निकाला गया तथा बच्चेदानी को सुरक्षित रखा गया। इस जटिल ऑपरेशन को सफल बनाने में डॉ. अनुपम कुलश्रेष्ठ (सर्जन) की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस ऑपरेशन की जटिल प्रक्रिया को चिकित्सको की टीम ने डॉ. प्रशांत नायक के मार्गदर्शन एवं निगरानी में संपूर्ण प्रक्रिया सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। मरीज एवं उनके परिजनों ने सिविल हॉस्पिटल हजीरा के डॉक्टरों एवं स्टाफ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में इतनी उत्कृष्ट सुविधा एवं समर्पित सेवाएं मिलना सराहनीय है।