ऊर्जा मंत्री तोमर ने जनसुनवाई में किया जन समस्याओं का निराकरण
ग्वालियर। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को अपने रेसकोर्स रोड स्थित सरकारी कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में आमजनों की समस्याओं को सुना और उनके निराकरण के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना प्रदेश सरकार का संकल्प है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने आव्हान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपने शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए साथ मिलकर अपना सहयोग देना होगा। इस दौरान उन्होंने प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदक की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।