- सुविख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जमाल यूसुफ करेंगे मरीजों का चेकअप
- रजिस्ट्रेशन रविवार से नया बाजार स्थित बंसल मेडीकल पर
ग्वालियर। स्व. श्री राजकुमार बंसल जी के पंचम पुण्य स्मरण के अवसर पर निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन आगामी 25 अप्रैल 2026 शनिवार को किया गया है। यह शिविर किडीज कार्नर स्कूल, गणेश कालोनी, नया बाजार, लश्कर पर आहूत किया गया है। शिविर प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर 3 बजे तक चलेगा। शिविर में मरीजों की जांच कर परामर्श सुविख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ जीबी पंत हास्पीटल नई दिल्ली के डॉ. जमाल यूसुफ देंगे। शिविर के लिये रजिस्ट्रेशन रविवार 19 अप्रैल से प्रारंभ होंगे। रजिस्ट्रेशन के लिये नया बाजार स्थित बंसल मेडीकल पर संपर्क किया जा सकता है।
शिविर आयोजक धीरज राजकुमार बंसल ने बताया कि मप्र स्टेट फार्मेसी काउंसिल मप्र शासन के पूर्व सदस्य और नेहरू युवा केन्द्र के पूर्व सदस्य स्व. राजकुमार बंसल जी की 5वीं पुण्यतिथि 25 अप्रैल 2026 शनिवार को है। स्व. बंसल जी के पंचम पुण्य स्मरण पर निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया है। स्व. बंसल की स्मृति में निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का यह चतुर्थ आयोजन है। पिछले आयोजित शिविरों में हजारों मरीज लाभ उठा चुके है। निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर के लिये तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। शिविर आयोजक एवं स्व. राजकुमार बंसल जी के सुपुत्र धीरज बंसल ने बताया कि पंचम पुण्य स्मरण पर 25 अप्रैल को प्रातः 10 बजे स्व. श्री राजकुमार बंसल जी की पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया है। इस सभा में सुविख्यात ह्रदय रोग विशेषज्ञ जीबी पंत हास्पीटल नई दिल्ली के डॉ. जमाल यूसुफ का उदबोधन होगा। इससे पहले पुष्पांजलि सभा में राजनेता, समाजसेवी, शहरवासी एवं परिवारीजन स्व. बंसल की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद प्रातः 11 बजे निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर का शुभारंभ होगा। शिविर में डॉ. जमाल यूसुफ मरीजों की जांच कर परामर्श देंगे। शिविर में ईसीजी, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर जैसी जांचें निःशुल्क की जायेगी।
डॉ. जमाल यूसुफ के बारे में
डॉ. जमाल यूसुफ नई दिल्ली के जी.बी. पंत अस्पताल के एक वरिष्ठ और प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ हैं। डॉ. जमाल यूसुफ जीबी पंत अस्पताल के कार्डियोलॉजी विभाग में प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष हैं। वे इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजी के विशेषज्ञ हैं। उन्होंने ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इम्प्लांटेशन जैसी जटिल सर्जरी और हृदय के वाल्व से संबंधित उपचारों में महारत हासिल की है। वे एक कार्डियोलॉजिस्ट के रूप में हृदय की धड़कन, वाल्व और गंभीर हृदय रोगों के निदान व उपचार में विशेषज्ञता रखते हैं। उन्हें चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई प्रतिष्ठित पुरूस्कारों से सम्मानित किया गया है जैसे एमटी इंडिया हैल्थ केयर अवार्डस।
ग्वालियर से जुड़ाव
डॉ. जमाल यूसुफ का मूल नाता ग्वालियर से है। उनके पिता डॉ. ई.एफ. हनफी ग्वालियर के पूर्व सीएमएचओ थे। डॉ. जमाल यूसुफ ने अपनी प्रारंभिक मेडिकल शिक्षा ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय से प्राप्त की है। डॉ. जमाल यूसुफ हमेशा स्व. श्री राजकुमार बंसल जी की स्मृति में आयोजित होने वाले निःशुल्क हृदय रोग जांच एवं परामर्श शिविर में अपनी सेवाएँ देने दिल्ली से आते हैं। उन्हें उनके मृदु व्यवहार और मरीजों के प्रति सेवा भाव के लिए जाना जाता है।