सभापति तोमर ने परिषद कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति देखी
ग्वालियर। बुधवार सुबह सभापति मनोज तोमर ने परिषद कार्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया तथा कर्मचारियों की उपस्थिति देखी। सभापति ने देरी से आने वाले कर्मचारियों को नोटिस जारी कर बिना सूचना अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन काटा है।
उल्लेखनीय है कि निगम कार्यालयों में समय पर अधिकारी कर्मचारी उपस्थित हों, इसके लिए निगम प्रशासन द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है तथा वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण कर कार्यालय में कर्मचारियों की उपस्थिति देखी जा रही है। सभापति मनोज तोमर को भी परिषद कार्यालय में कर्मचारियों के देरी से आने की शिकायत निरंतर मिल रही थी। जिसको लेकर बुधवार को सभापति तोमर ने प्रातः 10 बजे परिषद कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियों की उपस्थिति देखी तथा उपस्थिति रजिस्टर अपने चेम्बर में ही रखवा लिया और देरी से आने वाले कर्मचारियों से स्वयं अपने सामने हाजिरी लगवाई और आने का समय डलवाया तथा सभी कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कर्मचारी समय पर उपस्थित हों। औचक निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित कर्मचारियों में प्रभाकर राव जाधव, एआरआई तथा प्रेम नारायण सविता कार्यरत लिपिक एवं इकबाल खां, दफ्तरी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने हेतु सचिव को निर्देशित किया है।