केन्द्रीय जेल से हत्या-दुष्कर्म के दो बंदी फरार, पुलिस तलाश में जुटी
ग्वालियर। केंद्रीय जेल से हत्या, हत्या के प्रयास और दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे दो बंदी पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद वापस नहीं लौटे हैं। यह घटना बहोड़ापुर स्थित केंद्रीय जेल की है। दोनों बंदी 15 दिन की पैरोल पर 18 अक्टूबर को रिहा हुए थे और उन्हें 2 नवंबर को लौटना था। जेल प्रबंधन ने बंदियों के वापस न आने पर बहोड़ापुर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
जेल प्रहरी मक्खनलाल छारी ने अपनी शिकायत में बताया कि डबरा निवासी देवेंद्र सिंह सोलंकी पुत्र अमर सिंह सोलंकी और शिवपुरी के ग्राम मेहरपुरा निवासी धारा जाटव पुत्र करीमा जाटव हत्या, हत्या के प्रयास और दुष्कर्म के मामलों में सजा काट रहे थे। इन बंदियों को 50 हजार रुपए के जमानत मुचलके पर 15 दिन की पैरोल दी गई थी। निर्धारित तिथि तक उनके वापस न आने पर जेल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों फरार बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। जेल प्रबंधक विदित सरवैया ने पुष्टि की है कि फरार हुए दोनों बंदी हत्या और दुष्कर्म अधिनियम के तहत सजायाफ्ता थे। पुलिस ने उनकी जानकारी के लिए संबंधित थाना पुलिस को भी सूचित किया है। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार ने बताया कि पैरोल जंप कर फरार हुए बंदियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।