ग्वालियर | नगर निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्वालियर विधानसभा में आमजनों से सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान लोगों से पूछा कि वह गीला और सूखा कचरा अलग-अलग देते है अथवा नहीं। साथ ही उन्होंने सम्पत्तिकर आदि जमा किया है या नहीं। गोले का मंदिर पर आमजन से शहर की सफाई व्यवस्था की मार्किंग करने को कहा, जिस पर व्यक्ति ने 10 में से शहर को आठ अंक दिए।
निगम आयुक्त किशोर कन्याल ने गोले का मंदिर चौराहे पर आमजनों से सफाई व्यवस्था को लेकर प्रश्न किए। इस दौरान उन्होंने आमजनों से पूछा कि शहर की सफाई व्यवस्था को वह कितने अंक देंगे। आमजनों ने 10 में से 8 अंक दिए, इस पर निगमायुक्त ने पूछा कि दो अंक कहां पर कट गए हैं। निगमायुक्त कन्याल ने गोले का मंदिर सुलभ जन सुविधा का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन जिस चीजों से असंतुष्ट है उसे तत्काल पूर्ण कराए। इसके बाद तानसेन नगर और चौडे के हनुमान क्षेत्र में आमजनों के घर पर पहुंचकर कचरा लेने के लिए आने वाले टिपर वाहन के बारे में पूछा। लोगों ने बताया कि वाहन आता है। गीला एवं सूखा कचरे पर लोगों ने संतोषपूर्वक जबाब दिया। इसके बाद निगमायुक्त ने तानसेन नगर स्थित वर्कशॉप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खराब वाहनों को जल्द से जल्द ठीक करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त कन्याल द्वारा तानसेन नगर कैश विंडो का औचक निरीक्षण किया एवं कंप्यूटर ऑपरेटर को बिल जमा करने की समझाइश दी एवं विंडो प्रातः 9 से सांयकाल 5 बजे तक खुलने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री संदीप श्रीवास्तव व अन्य स्टाफ उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त विजय राज, उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता, अधीक्षण यंत्री पीएचई जागेश श्रीवास्तव, अधीक्षण यंत्री जनकार्य कीर्ति वर्धन मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर आयुक्त ने किया वर्कशाप का निरीक्षण
नगर निगम के अधिकारियों द्वारा शहर की साफ सफाई व्यवस्था को सुदृण करने के उददेश्य नियमित रुप में क्षेत्र में भ्रमण कर सफाई व्यवस्था की मॉनीटरिंग की जा रही है। अपर आयुक्त विजय राज और उपायुक्त अमर सत्य गुप्ता ने शुक्रवार को वर्कशाप का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं को देखा। इसके साथ ही तानसेन नगर में टिपर वाहनों की जांच की। नगर निगम के अपर आयुक्त विजयराज और डिप्टी कमिश्नर अमरसत्य गुप्ता ने तानसेन नगर में सफाईमित्रो से चर्चा कर क्षेत्र की जानकारी ली।