ग्वालियर। शहर को साफ, स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार नवाचार किए जा रहे हैं। निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं अपर आयुक्त टी प्रतीक राव के निर्देशन में नगर निगम का स्वास्थ्य अमला स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 51, जोन क्रमांक 20 में एक अनूठी पहल देखने को मिली है, जहां सीवर चेंबरों को आकर्षक पेंटिंग्स से सजाया गया है।
सहायक स्वास्थ्य अधिकारी रामचंद्र धौलपुरिया द्वारा सीवर चेंबरों पर सुंदर एवं रंग-बिरंगी पेंटिंग बनाई गई हैं। इन कलात्मक चित्रों ने गली-मोहल्लों की सड़कों को नया और आकर्षक रूप दे दिया है। पहले जहां सीवर चेंबर सामान्य और उपेक्षित दिखाई देते थे, वहीं अब वे लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गए हैं।स्थानीय रहवासियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की सुंदरता बढ़ी है और वातावरण भी सकारात्मक महसूस हो रहा है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी लोग इन कलाकृतियों को पसंद कर रहे हैं। नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में वॉल पेंटिंग और कलात्मक चित्रों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश भी दिया जा रहा है। इन पेंटिंग्स में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नागरिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया है, ताकि लोग स्वच्छता के प्रति जागरूक हों और शहर को साफ रखने में अपनी भागीदारी निभाएं। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में शहर के अन्य वार्डों में भी इस तरह की रचनात्मक पहल को आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे ग्वालियर को स्वच्छ और सुंदर शहर के रूप में नई पहचान मिल सके।