चुनावी शोरगुल थमा, मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में
ग्वालियर। लोकसभा चुनाव के तहत तीसरे चरण का मतदान सात मई को होना है। वहीं इसको लेकर रविवार सायं को चुनावी शोरगुल थम गया। तीसरे चरण के चुनाव में मध्य प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ पर मतदान कराया जाएगा। इनमें से ग्वालियर चंबल अंचल की गुना हॉट सीट है जहां से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुनावी किस्मत का फैसला होगा।
यहां बता दें कि गुना सिंधिया परिवार की पारंपरिक सीट है जिस पर 2019 में ज्योतिरादित्य को हार का सामना करना पड़ा था। तब उन्होंने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्हें बीजेपी के केपी यादव ने हराया था। अब ज्योतिरादित्य बीजेपी का हिस्सा हैं। यहां ज्योतिरादित्य का मुकाबला कांग्रेस के राव यादवेंद्र सिंह यादव से है जिनके पिता देशराज सिंह के खिलाफ 2002 में सिंधिया ने चुनाव जीता था। वहीं मुरैना श्योपुर लोकसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है। मुरैना में कांग्रेस से नीटू सिकरवार, भाजपा से शिवमंगल सिंह तोमर और बसपा से रमेश गर्ग के बीच कांटे की टक्कर है। इसी प्रकार भिंड दतिया लोकसभा सीट पर कांग्रेस के विधायक फूल सिंह बरैया और भाजपा की वर्तमान सांसद संध्या राय में मुख्य मुकाबला है। जबकि बसपा से कांग्रेस के बागी आशीष जरारिया चुनाव लड़ रहे है। इसी तरह ग्वालियर लोकसभा सीट भी चर्चा का केन्द्र बनी हुई है। यहां दो हारे विधायकों में मुख्य मुकाबला है। कांग्रेस से पूर्व विधायक प्रवीण पाठक जहां मैदान में है। वहीं भाजपा से पूर्व राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाह चुनावी ताल ठोंक रहे है। दोनों ही नेता पहली बार लोकसभा में किस्मत आजमा रहे है।
प्रचार के आखिरी दिन ग्वालियर चंबल अंचल की चारों सीटों पर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों ने जनता जनार्दन का दिल जीतने के लिये पूरी आजमाईश की। ग्वालियर में कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक ने जहां रविवार को लंबा रैला निकालकर आमजनों से विजयी बनाने के लिये आग्रह किया। वहीं भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह ने भी जनता के दरबार में पहुंचकर हाजिरी लगाई। चंबल अंचल में भाजपा प्रत्याशियों के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, केन्द्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने प्रचंार किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशियों के लिये पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, पूर्व सांसद राज बब्बर, राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में विपक्षा का नेता उमंग सिंघार, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह ने प्रचार किया।