आरजेआईटी में ‘इनोवेशन एंड इट्स रोल इन इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़’ पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित
ग्वालियर | Rustamji Institute of Technology (RJIT), BSF Academy ग्वालियर में 13 अप्रैल 2026 को “इनोवेशन एंड इट्स रोल इन इमर्जिंग टेक्नोलॉजीज़” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग द्वारा किया गया, जिसमें छात्रों एवं संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. विनय सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, एबीवी-आईआईआईटीएम ग्वालियर रहे। उन्होंने अपने व्याख्यान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, ब्लॉकचेन और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी उभरती तकनीकों में नवाचार की भूमिका को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में केवल तकनीकी ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसमें रचनात्मकता और इनोवेशन का समावेश आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. प्रशांत कुमार जैन, प्राचार्य, आरजेआईटी, डॉ. जगदीश माखिजानी, रजिस्ट्रार, डॉ. चेतन पाठक, डीन अकादमिक, डॉ. उमा शंकर शर्मा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर, डॉ. रश्मि शाह, परीक्षा नियंत्रक एवं श्री योगराज शर्मा, विभागाध्यक्ष (सीएसई) उपस्थित रहे।
प्राचार्य डॉ. प्रशांत कुमार जैन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को नवीन तकनीकी ज्ञान और विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं श्री मनीष चंद्र, कमांडेंट CSMT एवं ओएसडी–आरजेआईटी ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों में नवाचार की सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन सुश्री मुस्कान सिहारे (कोऑर्डिनेटर) एवं सुश्री समीक्षा खुले (को-कोऑर्डिनेटर) द्वारा किया गया। व्याख्यान के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र में छात्रों ने सक्रिय भागीदारी दिखाई और विषय से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका समाधान विशेषज्ञ द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर अतिथि का सम्मान स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। यह कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा इससे विद्यार्थियों में शोध एवं नवाचार के प्रति रुचि विकसित हुई।