सकारात्मक सोच के साथ सफलता के पथ पर आगे बढ़ें महिलायें: कलेक्टर श्रीमती चौहान
ग्वालियर| बाल भवन में जिला स्तरीय नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में सीधे प्रसारण के जरिए जिले की महिलाओं ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का उदबोधन सुना। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिले की महिला उद्यमी, महिला अधिवक्ता, बाल कल्याण समिति के सदस्य व महिला प्रशासनिक अधिकारी एवं महिला समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने जिला स्तरीय कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं का आह्वान किया कि वे सकारात्मक सोच के साथ सफलता के पथ पर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनायें आपको आगे बढ़ने में पूरी मदद करेंगीं। कलेक्टर ने यह भी आह्वान किया कि आप सब अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से मिलकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर सार्थक संवाद करें। साथ ही अपने क्षेत्र की समस्याओं को खुलकर बताएं। उन्होंने इस अवसर पर जानकारी दी कि वर्तमान में नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा मनाया जा रहा है। जिसके तहत महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित विभिन्न प्रकार की गतिविधियां आयोजित हो रही हैं। आप सब भी इसमें सहभागी बनें। कार्यक्रम में निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार एवं सहायक संचालक महिला बाल विकास राहुल पाठक सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी शामिल हुए।