sandhyadesh

25 अप्रैल तक मनेगा नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा, गतिविधिवार बनाया कैलेण्डर

ग्वालियर ।  महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य शासन द्वारा 10 से 25 अप्रैल तक प्रदेशव्यापी "नारी शक्ति वंदन" पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया गया है। ग्वालियर जिले में भी “नारी शक्ति वंदन उत्सव” के रूप में यह पखवाड़ा मनाया जा रहा है।  इस पखवाड़े के दौरान महिला सशक्तिकरण पर केन्द्रित विभिन्न गतिविधियों के साथ-साथ  "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" के प्रावधानों से आम जनता को अवगत कराने के प्रयास होंगे।  
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जन-उत्सव के रूप में इस पखवाड़ा के तहत गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश सभी संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। जिले में "नारी शक्ति वंदन" पखवाड़ा की गतिविधियों को सुनियोजित एवं प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने के लिये कैलेण्डर बनाया गया है।नारी शक्ति वंदन पखवाड़े के तहत जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट के अनुमोदन से इसकी जल्द ही तिथि निर्धारित की जायेगी। इसके साथ ही विकासखंड पर भव्य "नारी शक्ति वंदन" सम्मेलन आयोजित होंगे। इन कार्यक्रमों में महिला जनप्रतिनिधियों सहित विभिन्न क्षेत्रों में सफलता का परचम लहरा रहीं  महिलायें एवं महिला उद्यमी शामिल होंगीं और अपने अनुभव साझा करेंगी। पखवाड़े का एक महत्वपूर्ण पड़ाव 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती होगा। इस दिन जिले की समस्त ग्राम पंचायतों में "विशेष ग्राम सभाएं" आयोजित की जाएंगी। बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही त्रि-स्तरीय पंचायतों, नगरीय निकायों और शैक्षणिक संस्थानों में गोष्ठियाँ व सेमिनार आयोजित होंगे। 
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 17 अप्रैल को विकासखंड स्तर पर "नारी शक्ति पदयात्रा" निकाली जाएगी, जिसमें समाज की प्रबुद्ध महिलाएँ सहभागिता करेंगी। युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 25 अप्रैल तक की अवधि के लिये विशेष 'नारी शक्ति वंदन दीवार' (Wall of Message) तैयार की जाएगी, जहाँ युवा पीढ़ी पेंटिंग और संदेशों के माध्यम से नारी शक्ति के प्रति अपने विचार व्यक्त करेगी।

संगोष्ठी एवं सेमीनार 16 अप्रैल को 
महिला स्व-सहायता समूहों, 'लखपति दीदी', 'लाड़ली बहना' एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मिसाल बनीं महिलाओं को इस अभियान का मुख्य चेहरा बनाया जाएगा। औद्योगिक, व्यापारिक और सहकारी संगठनों में भी व्याख्यान आयोजित कर महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी पर जोर दिया जाएगा। इस सिलसिले में 16 अप्रैल को शहरी क्षेत्र में नगर निगम ग्वालियर व जिले की सभी नगर पालिका व नगर परिषद एवं ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत व जिला पंचायत स्तर पर नारी शक्ति वंदन के संबंध में संगोष्ठी एवं सेमीनार आयोजित होंगे। शहरी क्षेत्र के आयोजन में निकाय की प्रबुद्ध महिलायें विशेष रूप से भाग लेंगीं। 

जिला स्तरीय संगोष्ठी 21 अप्रैल को 
नारी शक्ति वंदन पखवाड़े के तहत 21 अप्रैल को जिला स्तरीय संगोष्ठी आयोजित होगी। जिसमें सामाजिक, धार्मिक, औद्योगिक, व्यापारिक व सहकारी संगठन सहभागिता करेंगे। 

शिक्षा संस्थानों में गूँजेगा विषय
उच्च शिक्षा और स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यम से ग्वालियर के विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और स्कूलों में व्याख्यान और प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिससे भावी पीढ़ी महिला सशक्तिकरण के कानूनी और सामाजिक पहलुओं को समझ सके।राज्य शासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी स्तरों पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में जन-प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाकर इस पखवाड़े को लोक उत्सव के रूप में मनाया जाये। 

posted by Admin
67

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Anuj Mathur

<1-------Google-aNALY-------->