अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में उपराज्यपाल से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल, द्वीप समूह के विकास और पर्यटन पर हुई चर्चा

श्री विजय पुरम। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व में शनिवार सुबह भाजपा के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने राज निवास जाकर उपराज्यपाल एडमिरल डी.के. जोशी से मुलाकात की। इस शिष्टाचार भेंट और 'हाई टी' पर हुई चर्चा को द्वीप समूह के राजनीतिक गलियारों में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार तिवारी ने उपराज्यपाल से अपने सहयोगियों का परिचय कराया। इसके पश्चात महिला मोर्चा की उपाध्यक्षा शीला सिंह और प्रदेश उपाध्यक्ष शेर सिंह ने संक्षिप्त में क्षेत्र की जटिल समस्याओं से उपराज्यपाल को अवगत कराया। अनिल कुमार तिवारी ने हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत की यात्राओं को सफल बनाने के लिए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और उपराज्यपाल के प्रति धन्यवाद प्रकट किया।

चर्चा में भाग लेते हुए उपराज्यपाल एडमिरल डी.के. जोशी ने बताया कि 'ग्रेट निकोबार परियोजना' पर कार्य जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कई अन्य बड़ी विकास परियोजनाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उपराज्यपाल ने अनिल कुमार तिवारी के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में पर्यटन के क्षेत्र में अंडमान-निकोबार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी, जिसका सीधा लाभ स्थानीय युवाओं को प्राप्त होगा।

अनिल कुमार तिवारी ने उपराज्यपाल के कार्यकाल में हो रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनहितकारी योजनाएं कतार में खड़े अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उपराज्यपाल के नेतृत्व में भारत सरकार कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की शुरुआत करने जा रही है।

मात्र पांच महीने के संक्षिप्त कार्यकाल के भीतर अनिल कुमार तिवारी द्वारा उपराज्यपाल के साथ अपनी पूरी टीम की इस औपचारिक मुलाकात और संवाद को उनके कुशल नेतृत्व के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि 'हाई टी' पर हुई यह बैठक आगामी समय में द्वीप समूह की कई लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।

posted by Admin
66

Advertisement

sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
sandhyadesh
Get In Touch

Padav, Dafrin Sarai, Gwalior (M.P.)

98930-23728

sandhyadesh@gmail.com

Follow Us

© Sandhyadesh. All Rights Reserved. Developed by Ankit Singhal